कंडीशनर से ठीक नहीं होते बाल
आम धारणा है कि दोमुंहे बाल जैलिंग या कंडीशनर से ठीक हो जाते हैं, लेकिन डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार इसका एकमात्र उपचार बालों के सिरे काटना है।

आम धारणा यही है कि दोमुंहे बाल जैलिंग या कंडीशनर से ठीक हो जाते हैं। इसके प्रचार के लिए कुछ कंपनियों के प्रॉडक्ट भी बाजार में उपलब्ध हैं। लेकिन यह बात पूरी तरह गलत है। सच तो यह है कि ऐसे बालों के सिरे काटना ही इसका उपचार होता है।
जसलोक अस्पताल (मुंबई) में डर्मेटोलॉजिस्ट तथा ट्राइकोलॉजिस्ट डॉ. दीप्ति घिया ने बताया कि अगर आपके बाल दोमुंहे हैं तो कोई भी कंडीशनर या ऐसा दावा करने वाला प्रॉडक्ट उन्हें ठीक नहीं कर सकता। एक अच्छा कंडीशनर सिर्फ बालों को टूटने से बचा सकता है। कुछ कंडीशनर ऐसे भी आते हैं जो दोमुंहे बालों के मुंह कुछ समय (एक-दो दिन) के लिए जोड़कर रख सकते हैं लेकिन उन्हें पूरी तरह ठीक नहीं कर सकते। जैसे ही उसका प्रभाव खत्म होता है, बाल फिर दोमुंहा हो जाएगा। इसी तरह कुछ जैलिंग एजेंट भी आते हैं जो ऐसे बालों के सिरे कुछ समय के लिए ज्वाइंट कर देते हैं।
बेसिकली बालों की ग्रोथ रूट से होती है, बाल दोमुंहे होना इस बात का इशारा है कि आप उनकी ठीक से देखभाल नहीं कर रहे हैं। कई तरह के केमिकल का इस्तेमाल करना, बालों को विभिन्न रंग में रंगना, कंडीशनर-शैंपू बदलते रहना, समय पर तेल नहीं लगाने से ये दोमुंहे हो जाते हैं। दोमुंहे बाल हटाने के लिए इनके सिरे काटना ही पड़ेगा।



