मुख्य सामग्री पर जाएं
मध्यप्रदेश

1980 के पूर्व से काबिज वनाधिकार पट्टा पाने से वंचित नहीं रहे कोई भी आदिवासी - श्रम मंत्री श्री सिसोदिया

गुना जिले के सांडखेड़ा में 'आपकी सरकार-आपके द्वार' शिविर में श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि 1980 के पूर्व से वनांचल में काबिज आदिवासियों को वनाधिकार पट्टे दिए जाएंगे और जिले में यूरिया की कोई कमी नहीं है।

गांव में आदिवासी ग्रामीण
फ़ोटो: Photo: amol sonar / Unsplash

गुना। प्रदेश के श्रम मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा वनांचल में 1980 के पूर्व से काबिज आदिवासियों को वनाधिकार पट्टा प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। वन क्षेत्र में नियत तिथि पूर्व से कोई भी काबिज आदिवासी शासन की योजना पाने से वंचित नहीं रहे। इससे कोई समझौता सरकार नहीं करेगी। श्रम मंत्री श्री सिसोदिया गुना जनपद के सांडखेड़ा ग्राम में आयोजित 'आपकी सरकार-आपके द्वार' अंतर्गत आयोजित शिविर में संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले में यूरिया खाद की कमी नहीं है। वर्तमान में 1300 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। समिति प्रबंधकों द्वारा समय पर आर.ओ. नहीं काटने के कारण समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही कतिपय उद्योगपतियों आदि द्वारा भी यूरिया का कृत्रिम अभाव उत्पन्न कर शासन को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों की सरकार है। गरीबों का हक छीनने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण के उपरांत बमोरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण परिवेश में भी स्वच्छता अभियान नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से चलाया जाएगा, ताकि सभी स्वच्छ वातावरण में रहें और स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 'आपकी सरकार-आपके द्वार' अंतर्गत जनपदों के विभिन्न बड़ी पंचायतों में ग्रामीणजनों की समस्याओं का निराकरण कराया जा रहा है। इन शिविरों में मंत्री, जिला अधिकारी और खण्ड स्तरीय अधिकारी शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल निराकरण कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को जिला मुख्यालय, तहसीलों और जनपदों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

इस अवसर पर उन्होंने 4-4 लाख रुपये की लागत के 14वें वित्त से बघ्घू के निवास से सन्तों के घर तक नवनिर्मित खड़ंजा कार्य का लोकार्पण किया और कल्याण के घर से बघ्घू के घर तक नवीन खड़ंजा निर्माण का भूमि पूजन कर शिलालेख पट्टिका का अनावरण किया। सिरसी में 35 लाख रुपये की लागत से गौशाला निर्मित कराए जाने की घोषणा की। शिविर में उन्होंने समस्या से संबंधित आवेदन लेकर आए प्रत्येक आवेदक से चर्चा की और उनका तत्काल निराकरण कराया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अरुण कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम श्री शिवानी गर्ग, श्री मरावी लाल धाकड़ सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सरेठा, सिरसी, सोनखेड़ा, मारकीमऊ, नयागांव, कलछेरी, सलौदा एवं हनुमतपुरा के ग्रामीणजन मौजूद रहे।

सभी देखें