विराट कोहली करियर की सबसे ऊंची रैंकिंग पर पहुंचे
आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय कप्तान विराट कोहली तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जो उनका अब तक का सबसे ऊंचा मुकाम है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से जारी की गई टेस्ट बल्लेबाजों की वैश्विक रैंकिंग में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह इस रैंकिंग में कोहली का अब तक का सबसे ऊंचा मुकाम है।
मोहाली में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को आठ विकेट से मात देकर भारत को सीरीज में 2-0 से बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले कोहली टी-20 रैंकिंग में पहले और वनडे रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज हैं। पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में कोहली ने भारत के लिए पहली पारी में 62 और दूसरी पारी में नाबाद छह रनों का योगदान दिया था। टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ पहले और इंग्लैंड के खिलाड़ी जो रूट दूसरे स्थान पर हैं। कोहली और रूट के बीच अब सिर्फ 14 रेटिंग अंकों का अंतर रह गया है।
इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत से पहले कोहली रैंकिंग में 15वें स्थान पर थे, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की सीरीज के शुरुआती तीन टेस्ट मैचों में उन्होंने 405 रन बनाकर लंबी छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इस रैंकिंग में भारत के चेतेश्वर पुजारा आठवें स्थान पर हैं और अजिंक्य रहाणे को 12वां स्थान हासिल हुआ है। मोहाली में 89 और 15 रन की पारियां खेलने के बाद इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो तीन स्थान के फायदे से शीर्ष 10 में जगह बनाते हुए नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
इस बीच भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन गेंदबाजों और ऑलराउंडर दोनों की रैंकिंग सूची में शीर्ष पर चल रहे हैं। अश्विन ने 493 अंक के साथ टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष पर अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है। संन्यास ले चुके दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जाक कैलिस के 2008 में संन्यास लेने के बाद कोई खिलाड़ी ऑलराउंडरों की सूची में इतने अंक हासिल नहीं कर पाया है। अश्विन गेंदबाजों की सूची में 891 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। उन्होंने दूसरे स्थान पर मौजूद श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर रंगना हेराथ पर 24 अंक की बढ़त बना रखी है।
अश्विन के अलावा उनके स्पिनर जोड़ीदार रविंद्र जडेजा भी गेंदबाजी और ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल हैं। जडेजा गेंदबाजों की सूची में सातवें स्थान पर चल रहे हैं, जबकि मोहाली में 90 रन की पारी खेलने के बाद वह ऑलराउंडरों की सूची में दो स्थान के फायदे से करियर की सर्वश्रेष्ठ चौथी रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।



