ग्रामीण पत्रकारिता: हर गांव एक खबर होता है
शहरीकरण के बढ़ते प्रभाव से गांवों में क्या बदल रहा है, यह भी जनरुचि का विषय है। पत्रकार नियमित रूप से गांव जाएं तो खबरों की कमी नहीं होगी — और योजनाओं, भ्रष्टाचार व प्रदूषण पर उनकी पैनी नजर गांव के हित में होगी।

शहरीकरण के बढ़ते प्रभाव के कारण गांवों में क्या बदलाव आ रहा है, यह भी जनरुचि का विषय है। आज बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण पर काफी चिंता जताई जा रही है मगर यह चिंता केवल शहरों तक ही सीमित है, जबकि आज गांव के नदी-नाले, तालाब-पोखर और चरागाह सब प्रदूषण की चपेट में हैं।
भारत गांवों का देश है। शिक्षा के प्रसार के साथ अब गांवों में भी अखबारों और अन्य संचार माध्यमों की पहुंच हो गई है। अब गांव के लोग भी समाचारों में रुचि लेने लगे हैं। यही कारण है कि अब अखबारों में गांव की खबरों को महत्व दिया जाने लगा है। अखबारों का प्रयास होता है कि संवाददाता यदि ग्रामीण पृष्ठभूमि का हो तो अधिक उपयोगी होगा।
हर गांव एक खबर होता है और इस एक खबर के अंदर अनेक खबरें होती हैं। पत्रकार यदि समय-समय गांव का दौरा करते रहें और वहां के निवासियों के निरंतर सम्पर्क में रहें तो उनके पास कभी खबरों का टोटा नहीं होगा। गांव के नाम पर कई पत्रकार नाक-भौं सिकोड़ने लगते हैं, मगर ऐसा ठीक नहीं। माना गांव में पत्रकारों को वह सब नहीं मिलता जो शहरों में मिलता है। अगर आपको गांव जाने का चस्का एक बार लग गया तो फिर आपके लेखन की दिशा ही बदल जाएगी।
सामान्य रूटीन समाचारों के अतिरिक्त गांव में सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे समाचार होते हैं जो पाठकों को नया अनुभव देते हैं। समय-समय पर गांवों में विभिन्न सरकारी योजनाएं चलती रहती हैं। इन योजनाओं से गांवों में आए बदलाव के साथ-साथ योजना में भ्रष्टाचार के समाचार भी गांव के हित में होते हैं। अगर इन योजनाओं पर पत्रकार पैनी नजर रखेंगे तो योजना का जो लाभ मिल रहा है वह और अधिक मिलने लगेगा, क्योंकि जब योजना लागू करने वालों को पता चलेगा कि इस पर पत्रकार की नजर है तो वह गलत काम करने से पहले सोचेगा और गलत काम करने से बचेगा।
शहरीकरण के बढ़ते प्रभाव के कारण गांवों में क्या बदलाव आ रहा है, यह भी जनरुचि का विषय है। इसे हम चाहें तो कई भागों में बांट सकते हैं, जैसे खान-पान और पहनावे में बदलाव, सामाजिक सम्बंधों में बदलाव, युवाओं में बदलाव और महिलाओं पर शहरीकरण का असर आदि।
आज बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण पर काफी चिंता जताई जा रही है मगर यह चिंता केवल शहरों तक ही सीमित है। पर्यावरण प्रेमी अभी तक 'अहा! ग्राम जीवन भी क्या है' पर ही अटके हैं, जबकि आज गांव के नदी-नाले, तालाब-पोखर और चरागाह सब प्रदूषण की चपेट में हैं। इस समस्या पर पत्रकार ही सरकार और समाज का ध्यान आकृष्ट कर सकते हैं, बशर्ते कि वह गांव जाना आरंभ कर दें।



